
स्टटगार्ट। टोरंटो में जन्मी रिची मेहता की फिल्म अमल को पांचवें बालीवुड के जर्मन स्टार का पुरस्कार दिया गया। फिल्म की कहानी आधुनिक नैतिकतावाद पर आधारित है।
मेहता की पहली फिल्म अमल को समारोह की सबसे पसंदीदा फिल्म बताया गया। गरीब व्यक्ति के अमीरों की तरह के ठाठ-बाठ में रहने की इस कहानी को परदे पर जीवंत किया, बालीवुड के महान अभिनेता नसीरूद्दीन शाह और रोशन सेठ ने। इनके अभिनय ने दर्शकों के दिल को छू लिया।
स्टटगर्ट फिल्म कमीशन के निदेशक और जूरी सदस्य मैरिएन गैसनेर ने कहा कि अमल का संदेश जादुई है। फिल्म ने मुझे एक बार फिर से गरीबी और अमीरी को परिभाषित करने का मौका दे दिया है। द जर्मन स्टार सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म को दिए जाने वाला यहां का सबसे बड़ा पुरस्कार है। इसमें 4,000 युरो का नकद इनाम भी शामिल है।
दिल्ली की निर्माता वाणी सुब्रमण्यम के वृत्तचित्र इट्स ए बॉय को जूरी के पसंदीदा वृत्तचित्र का पुरस्कार दिया गया। विशाल भारद्वाज की लघु फिल्म ब्लड ब्रदर्स को 13 लघु फिल्मों में से सर्वश्रेष्ठ का पुरस्कार मिला। इन दोनों को 1,000 यूरो का नकद पुरस्कार भी दिया गया।
समारोह के दौरान 20 से अधिक बालीवुड फिल्मों की प्रदर्शनी भी की गई। इनमें से जोधा अकबर, चक दे इंडिया, हम तुम और थोड़ा प्यार थोड़ा मैजिक ने विशेष रूप से दर्शकों का दिल जीत लिया।