नई दिल्ली। बेंगलूर और अहमदाबाद बम धमाकों में मासूम लोगों की मौतों से दुखी अभिनेता संजय दत्त ने मंगलवार को अपना 49वां जन्मदिन नहीं मनाया।
संजय ने दक्षिण अफ्रीका से फोन पर संवाददाता से कहा कि मुझे अपना जन्मदिन मनाने का कोई कारण नहीं दिखता जब बेंगलूर और अहमदाबाद में बम धमाकों में बड़ी संख्या में लोग मारे गए हैं।अपनी फिल्म मुन्नाभाई एमबीबीएस से गांधीगिरी को लोकप्रिय बनाने वाले अभिनेता ने कहा कि आतंकी हमलों में मासूम लोगों के मारे जाने से वह काफी दुखी हैं।
संजय अभी अपनी एक फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में केपटाउन में हैं। उन्होंने मुंबई के आतंकियों के निशाने पर होने की खबरों पर क्षोभ व्यक्त किया। अभिनेता ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि आतंकियोंके नापाक इरादों को विफल करने के लिए समय से कार्रवाई की जाएगी।