
मुंबई। ब्रिटिश फिल्म निर्माता जगमोहन मुंदड़ा ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर फिल्म बनाने की योजना स्थगित कर दी है। उन्हें सोनिया गांधी से इस बारे में कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला है। सोनिया ने अगले साल आम चुनावों के बाद मुंद्रा को समय देने को कहा है।
मुंदड़ा ने बताया कि सोनिया गांधी पर मेरी परियोजना को लेकर भारत में कई तरह की बातें फैलाई गई, जिसको लेकर मैं भयभीत था। मैंने सोनिया से मुलाकात की, लेकिन उन्होंने इस परियोजना को न तो मंजूरी दी और न ही इसे खारिज किया।
मुंदड़ा ने कहा कि उनका रुख सकारात्मक था लेकिन उन्होंने कोई वादा नहीं किया। वह यह जानना चाहती थीं कि जीवित लोगों पर फिल्म बनाना कितना उचित है। मैंने नेल्सन मंडेला पर बनी कई फिल्मों का जिक्र किया। मैंने उनसे कहा कि मैं सोनिया के राजनीतिक जीवन पर फिल्म बनाना नहीं चाहता बल्कि दो व्यक्तियों की कहानी होगी जो अलग-अलग मूल के हैं और एक-दूसरे से प्यार कर बैठते हैं।