
मुंबई। भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार रवि किशन फिल्म लक में एक मनोरोगी की भूमिका निभा रहे हैं। इसी वजह से वह बालीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के साथ रियलिटी शो बिग बॉस की सह-मेजबानी नहीं कर सके।
रवि ने कहा कि शिल्पा के साथ मैं बिग बॉस की सह-मेजबानी करने वाला था, क्योंकि बिग बॉस और सिलेब्रिटी बिग ब्रदर शो के बाद हम दोनों की एक अच्छी जोड़ी बन गई थी। उन्होंने कहा कि फिलहाल मैं लक फिल्म में एक ऐसी भूमिका निभा रहा हूं, जिसके लिए काफी तैयारियां करनी पड़ रही हैं, इसलिए मुझे बिग बॉस शो से अलग होना पड़ा।
वर्ष 2006 में शिल्पा ने सिलेब्रिटी.. की ब्रिटिश श्रृंखला में जीत प्राप्त की थी और उन्हीं दिनों रवि ने भी इस शो के भारतीय संस्करण में हिस्सा लिया था। लक में अपने किरदार को अनूठा बताते हुए रवि ने कहा कि फिल्म में उनका चरित्र कुछ इस तरह का है मानो उस एक शख्स में बहुत सारे पशुओं के लक्षण हों। कभी वह लकड़बग्घा बन जाता है, तो कभी खरगोश। उन्होंने कहा कि फिलहाल इन पशुओं के गुण-दोष जानने के लिए वे नेशनल ज्योग्राफिक चैनल देख रहा हैं।
इस फिल्म का निर्देशन सोहम शाह कर रहे हैं और संजय दत्त, मिथुन चक्रवर्ती, रति अग्निहोत्री जैसे कलाकार इसमें प्रमुख भूमिका में हैं।