
मुंबई। चर्चित और प्रतीक्षित फिल्म सिंह इज किंग में अक्षय कुमार की एक और भूमिका है। वे इस फिल्म से निर्माता भी बन गए हैं। उनकी कंपनी हरि ओम एंटरटेनमेंट ने विपुल शाह के साथ मिलकर सिंह इज किंग का निर्माण किया है। गौरतलब है कि विपुल शाह की फिल्म वक्त का वितरण अधिकार लेकर अक्षय कुमार वितरक भी बने थे। अक्षय कुमार के साथ अपने व्यापारिक संबंध के बारे में विपुल शाह ने कहा कि अक्षय के साथ मेरी दोस्ती है और प्रोफेशनल संबंध भी हैं। सिहं इज किंग के साथ हमारे संबंध एक अलग मुकाम तक पहुंचे हैं। अक्षय कुमार ने अनीस बज्मी के साथ इस फिल्म के निर्माण के बारे में सोचा था। उन्होंने इस फिल्म में मुझे अपना पार्टनर बनाया है। उन्होंने आगे कहा कि अक्षय कुमार आज कामयाबी के जिस शिखर पर हैं, वहां रहते हुए फिल्म निर्माण में उतरने का उन्होंने सही फैसला लिया है। अक्षय कुमार फिल्म इंडस्ट्री के भरोसेमंद एक्टर हैं। दर्शकों के साथ इंडस्ट्री को भी भरोसा हे कि वे सफल निर्माता साबित होंगे एवं मनोरंजक फिल्मों का निर्माण करेंगे।
-अजय ब्रह्मात्मज