
भोपाल। बॉलीवुड के गीतकार समीर ने कहा है कि टेलीविजन पर रियलिटी शो के जरिए वास्तविक गायक उभरकर सामने नहीं आ रहे हैं। अपने पिता और प्रसिद्ध गीतकार अंजान की पुण्यतिथि के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने आए समीर ने कहा कि आज के जमाने में सिंगर कम परफार्मर ज्यादा सामने आ रहे हैं।
उन्होंने नए जमाने के गायकों और संगीत की दुनिया में आए बदलावों को उचित बताते हुए कहा कि परिवर्तन प्रकृति का नियम है और बॉलीवुड में भी आ रही तब्दीलियों को सकारात्मक रूप में लिया जाना चाहिए। उन्होंने स्वयं का उदाहरण देते हुए कहा कि वह भी परिवर्तन के साथ समझौता करते हैं, लेकिन कार्य के प्रति सदैव ईमानदार रहते हैं।
उन्होंने ऐसे लोगों की मानसिकता को हास्यास्पद बताया, जो सिर्फ पुराने समय की प्रशंसा करते हुए नई चीजों को स्वीकार करने में हिचकिचाते हैं। ऐसे व्यक्ति नए लोगों की प्रतिभा का आकलन तक नहीं करते। विख्यात गीतकार के पुत्र होने के नाते होने वाले अनुभवों को बांटते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें अनेक अवसरों पर कठिन परिस्थितियों का भी सामना करना पड़ा। समीर के मुताबिक एक बार उन्होंने आस्ट्रेलिया के एक ऐसे आदिवासी को देखा जो अंग्रेजी भी नहीं जानता था, लेकिन उनके लिखे हुए गीत गुनगुना रहा था। उस वक्त उन्हें बहुत खुशी हुई थी।