
मुंबई। जाने माने गीतकार जावेद अख्तर ने कहा है कि जोधा अकबर एक समसामयिक फिल्म हैं। इसमें वर्तमान समाज की उम्मीदों, नैतिकता और आकांक्षाओं को दर्शाया गया है।
उन्होंने कल आशुतोष गोवारीकर की फिल्म जोधा अकबर की डीवीडी जारी करते हुए कहा कि मुगल बादशाह अकबर ने सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर धर्मनिरपेक्ष समाज के लिए काम किया। उस वक्त पूरी दुनिया यहां तक की कि यूरोप धर्मनिरपेक्षता से अपरिचित थे। फिल्म जोधा अकबर के गाने लिखने वाले अख्तर ने कहा कि जब आशुतोष गोवारीकर उनके पास जोधा अकबर का आइडिया लेकर आए तो उन्होंने उसकी बेहद सराहना की।
उन्होंने कहा कि मुझे आश्चर्य था कि कौन इस फिल्म को स्वीकार करेगा। ऐसे समय जब निरंकुशता और सांप्रदायिकता बढ़ रही हो। वहीं हिंदी सिनेमा में जब भी दो समुदायों के बीच की रूमानियत दिखाई जाती है, तो लड़की हमेशा अल्पसंख्यक समुदाय की होती है। यह तथ्य जाहिर करता है कि बहुसंख्यक समुदाय आत्मसात कर लेता है, लेकिन अपनी शर्र्तो और स्थितियों पर।