
जयपुर। दर्शकों के टोटे से जूझ रहे फिल्म व्यवसाय पर वैट लगाने के विरोध में राजस्थान में पांच सितंबर को सभी सिनेमा घर बंद रहने की घोषणा की गई है।
सेंट्रल सर्किट सिने एसोसिएशन के सूत्रों ने बताया कि सिनेमा व्यवसाय पहले ही आर्थिक मंदी से गुजर रहा है ऐसे में वैट लागू करने से सिनेमा कारोबार की कमर टूट गई है। उन्होंने कहा कि फिल्म उद्योग बिक्री कर के रूप में मनोरंजन कर का भुगतान कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने समय रहते इस पर विचार कर वैट को हटाया नहीं, तो राजस्थान के सभी सिनेमा घर पांच सितंबर को बंद रहेंगे। सूत्रों ने कहा कि इसके बावजूद सरकार ने ध्यान नहीं दिया, तो एसोसिएशन की बैठक आहूत कर विचार विमर्श कर अगले आंदोलन की घोषणा करेंगे।