
नई दिल्ली। मुन्नाभाई एमबीबीएस और लगे रहो मुन्नाभाई से कामयाबी की नई दास्तान लिखने वाले निर्देशक राजकुमार हिरानी इस सीरिज की तीसरी फिल्म अगले साल शुरू करेंगे और उनका दावा है कि दर्शकों को यह फिल्म भी बेहद पसंद आएगी।
हिरानी ने कहा कि मुन्नाभाई सीरिज की तीसरी फिल्म अगले साल शुरू होगी। इसमें मुन्ना और सर्किट अमेरिका जाएंगे और फिलहाल कहानी के बारे में इससे ज्यादा नहीं बता सकता। यह पूछने पर कि क्या इसमें भी संजय दत्त ही मुन्नाभाई होंगे, तो हिरानी ने कहा कि निश्चित तौर पर। संजय दत्त ही हमारे मुन्नाभाई हैं और वही रहेंगे। दर्शकों ने उसे इस किरदार के रूप में सिर आंखों पर बिठाया है और उसके अलावा किसी और का नाम जेहन में आता ही नहीं।
गौरतलब है कि मुन्नाभाई चले अमेरिका फिल्म का प्री प्रोडक्शन काम शुरू होने के बाद संजय दत्त के कानूनी मामलों के कारण टल गया था। अब इससे पहले हिरानी और निर्माता विधु विनोद चोपड़ा आमिर खान और करीना कपूर को लेकर इडियट्स बना रहे हैं। इस फिल्म के बारे में हिरानी ने कहा कि यह भारत की शिक्षण व्यवस्था पर एक व्यंग्य है। इसकी शूटिंग शुरू हो चुकी है और अगले साल की शुरूआत में फिल्म बन जाएगी।
चेतन भगत के उपन्यास फाइव प्वाइंट समवन पर आधारित इस फिल्म में पहली बार दर्शक आमिर और करीना को रूपहले पर्दे पर साथ देखेंगे। इससे पहले दोनों मणिरत्नम की फिल्म लज्जो में साथ काम करने वाले थे, जो किसी कारण से टल गई। यह पूछने पर कि आमिर और करीना को साथ लाने में कितनी दिक्कत हुई, तो हिरानी ने कहा कि बिल्कुल भी नहीं। दोनों बेहद पेशेवर हैं और अपने फन में माहिर भी। इस फिल्म के लिए उनसे बेहतर पसंद नहीं हो सकती थी।