पाक में धक-धक गर्ल के जलवे

पाक में धक-धक गर्ल के जलवे

इस्लामाबाद। माधुरी दीक्षित फिल्मों में भले ही कम दिखाई दे रही हों, लेकिन उनकी अदाओं पर मरने वाले अभी भी कम नहीं हुए हैं। भारत ही नहीं, पाकिस्तान के लोग भी उनकी अदाओं के दीवाने बने हुए हैं। तभी तो पाकिस्तान एयरलाइंस (पीआईए) ने यात्रियों को लुभाने के लिए धक-धक गर्ल के नाम पर माधुरी मैजिक नाम का खास शो शुरू किया है। यह शो कुछ चुनिंदा उड़ानों के लिए है। बाकी उड़ानों में भी बॉलीवुड पर आधारित कई कार्यक्रम दिखाए जा रहे हैं।

अक्टूबर तक चलने वाले माधुरी के इस शो का लुत्फ सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) जाने वाले यात्री उठा सकेंगे। इसके अलावा दुबई तथा सऊदी अरब जाने वाले यात्री रानी मुखर्जी का एक कार्यक्रम दिल की बातें देख सकेंगे। गौरतलब है कि पीआईए की एंटरटेनमेंट मैगजीन ने भी रानी के बारे में जबरदस्त लिखा है। इन सबके अलावा कुछ उड़ानों में बॉलीवुड के पुरस्कार समारोहों, नामी गिरामी स्टार्स के स्टेज शोज और बॉलीवुड के बेहतरीन गाने भी दिखाए जा रहे हैं।

पाकिस्तान की जनता ही नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी भी ऐश्वर्या राय और शाहरुख खान के जबरदस्त फैन हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए भारत के विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी ने मई में पाकिस्तान यात्रा के दौरान गिलानी को ऐश्वर्या की फिल्मों की डीवीडी दी थी। गौरतलब है कि कुछ साल पहले पीआईए में बॉलीवुड की फिल्में दिखाने पर प्रतिबंध था।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(2) वोट का औसत

average:3
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित