
गुवाहाटी। असम सरकार ने प्रसिद्ध गायक डा. भूपेन हजारिका को असम रत्न पुरस्कार देने की घोषणा की है। असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने डा. हजारिका के 83वें जन्मदिन पर इस पुरस्कार की घोषणा की। पुरस्कार के तहत तीन लाख रुपये नकद दिए जाते हैं। डा. भूपेन हजारिका इलाज के सिलसिले में इन दिनों मुबंई में हैं।
रविवार रात उन्होंने मुंबई के अंधेरी पश्चिम स्थित रिजेंसी अपार्टमेंट में फिल्म निर्देशक कल्पना लाजिमी और कुछ लोगों के साथ अपना जन्मदिन मनाया। वहीं, उनके जन्मदिन पर सोमवार को पूरे असम में विभिन्न सांस्कृतिक संगठनों ने कार्यक्रम आयोजित किए। डा. भूपेन हजारिका सांस्कृति न्यास की तरफ से गुवाहाटी के शंकरदेव कलाक्षेत्र में गीत प्रतियोगिता करवाई।