
नई दिल्ली। रियलिटी डांस शो नच बलिए में लगातार दो बार और जरा नचके दिखा में एक बार निर्णायक की भूमिका निभा चुकी मॉडल से अभिनेत्री बनीं मलाइका अरोड़ा जल्दी ही एक नए रियलिटी डांस शो में नजर आएंगी।
मलाइका ने बताया कि जरा नचके दिखा के बाद एक और डांस शो के लिए उनकी बातचीत हो रही है। वे मानती हैं कि रियलिटी शो के लिए काफी ऊर्जा की जरूरत होती है, लेकिन वहां मस्ती भी खूब होती है। एमटीवी के वीडियो जॉकी के रूप में करियर शुरू करने वाली मलाइका ने बाद में लवलाइन और सेलेक्ट जैसे चर्चित शो की मेजबानी भी की। फिर वे मॉडलिंग की दुनिया से जुड़ गई।
वर्ष 2005 में प्रसारित किए गए डांस शो नच बलिए में निर्णायक की भूमिका निभाने के बाद वे एनडीटीवी इमेजिन के रियलिटी शो धूम मचा दे के मेजबान के रूप में दिखीं। टेलीविजन के कई रियलिटी शो से जुड़ने के बावजूद छोटे परदे पर वे कोई रेगुलर शो नहीं करना चाहतीं, बल्कि बड़े और छोटे दोनों ही परदों से जुड़े रहना चाहती हैं। जल्दी ही अर्जुन रामपाल और सुनील शेट्टी के साथ वे फिल्म ईएमआई में नजर आएंगी। बॉलीवुड फिल्म दिल से के गीत छैंया छैंया पर नृत्य के बाद अपनी अलग पहचान बना चुकीं मलाइका ने फिल्म काल, कांटे, बिच्छू और वेलकम में भी अपनी प्रतिभा दिखाई है।