
इंदौर। अक्षय कुमार की मुख्य भूमिका वाली फिल्म सिंह इज किंग की मुश्किलें रिलीज के एक महीने बाद भी कम होती नहीं दिखतीं। इंदौर की एक अदालत में फिल्म से जुड़े 17 लोगों के खिलाफ याचिका दायर की गई है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि फिल्म में कुछ दृश्यों का बेहद आपत्तिजनक चित्रण किया गया है जिससे सिखों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है।
इंदौर से ताल्लुक रखने वाले इंदरजीत सिंह भाटिया ने आठ सितंबर को प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी नरेंद्र कुमार जैन की अदालत में याचिका पेश की। भाटिया ने फिल्म के परदे पर उतरने के एक महीने बाद पेश याचिका में कहा कि इसमें कुछ दृश्यों का आपत्तिजनक ढंग से चित्रण किया गया है जिससे सिख समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई है। उन्होंने फिल्म में कुछ सिख किरदारों की फ्रेंच कट दाढ़ी और कटे बालों पर भी कड़ा एतराज जताया। पेशे से वकील भाटिया की दलील है कि इससे खासतौर पर सिख नौजवानों में गलत संदेश जाएगा।
याचिका में फिल्म के अभिनेता अक्षय कुमार, अभिनेत्री कैटरीना कैफ, लेखक निर्देशक अनीस बज्मी और निर्माता विपुल अमृतलाल शाह समेत 17 लोगों को आरोपी बनाया गया है। साथ ही अदालत से इनके खिलाफ उचित कार्रवाई की गुहार की गई है। भाटिया ने कहा कि याचिका पर अगली सुनवाई के लिए 19 सितंबर की तारीख मुकर्रर की गई है।