लंदन फिल्म फेस्टिवल में दिखेगी वेलकम टू सज्जनपुर

लंदन फिल्म फेस्टिवल में दिखेगी वेलकम टू सज्जनपुर

मुंबई। श्याम बेनेगल निर्देशित वेलकम टू सज्जनपुर को अक्टूबर में होने वाले लंदन फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शन के लिए आमंत्रित किया गया है।

वेलकम टू सज्जनपुर का चयन 15 से 30 अक्टूबर तक चलने वाले इस फिल्म फेस्टिवल में विदेशी फिल्म श्रेणी के तहत किया गया है। अपनी फिल्म को मिले इस सम्मान पर खुशी जाहिर करते हुए श्याम बेनेगल ने कहा, लंदन फिल्म फेस्टिवल मेरे लिए नियमित वार्षिक आयोजन बन गया है। मेरी लगभग सभी फिल्में वहां दिखाई जा चुकी हैं। मैं खुश हूं और खुद को सम्मानित महसूस कर रहा हूं कि इस बार भी मेरी फिल्म का चयन किया गया। बेनेगल ने कहा, व्यापक पैमाने पर दर्शकों तक पहुंचने का यह अच्छा मंच है। मुझे उम्मीद है कि वेलकम टू सज्जनपुर लंदन फिल्म फेस्टिवल में पसंद की जाएगी।

ग्रामीण परिवेश की पृष्ठभूमि पर आधारित वेलकम टू सज्जनपुर में श्रेयस तलपडे, अमृता राव, इला अरुण और यशपाल शर्मा सरीखे कलाकार मुख्य भूमिकाएं निभा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि अब तक गंभीर और अर्थपूर्ण फिल्मों का निर्देशन करने वाले बेनेगल ने पहली बार हास्य से भरपूर फिल्म के निर्देशन की कमान संभाली है।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(3) वोट का औसत

average:4.333334
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित