
टोरंटो। भारत में तो सिंह इज किंग हैं, लेकिन कनाडा के स्थायी निवासी और बॉलीवुड के सुपरस्टार अक्षय कुमार को अपनी यह फिल्म यहां चल रहे टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (टीआईएफएफ) में देखने के लिए खासी दिक्कत हुई। अब ऐसा लगता है कि सिंह का करिश्मा उत्तर अमेरिकी इस देश में काम नहीं कर रहा है। क्योंकि फिल्म महोत्सव में कला फिल्मों की भरमार है और सिंह इज किंग एकमात्र व्यवसायिक फिल्म है। बहरहाल टीआईएफएफ के सह निर्देशक कैमेंन बेइली सिंह इज किंग को टोरंटो में दिखाने के अपने फैसले का पुरजोर बचाव करते हैं।
वह कहते हैं कि इसका उद्देश्य टोरंटो के दर्शकों को भारतीय सिनेमा की विविधता से परिचित कराना है। यहां के लोग भारत के क्षेत्रीय सिनेमा से परिचित हैं, लेकिन व्यवसायिक हिंदी फिल्मों को वह महत्व नहीं मिला जो मिलना चाहिए था। अक्षय बताते हैं कि वह पिछले साल टीआईएफएफ में प्रियदर्शन की हास्य फिल्म भूल भुलैया को शामिल करने के लिए उत्सुक थे, लेकिन आयोजकों ने उनका अनुरोध खारिज कर दिया था।