
मुंबई। लगभग चार दशक से बॉलीवुड में छाए रहे मेगास्टार अमिताभ बच्चन भी अब हॉलीवुड जा रहे हैं। अमिताभ बच्चन ने खुद यह जानकारी अपने ब्लाग पर दी है। अमिताभ ने लिखा है कि उन्होंने अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय फिल्म के रूप में 2006 के आस्कर विजेता वृत्तचित्र मार्च आफ द पेंग्विन के निर्देशक लुक जैकेट की फिल्म को चुना है। अंग्रेजी में बनने जा रही इस फिल्म की शूटिंग भारत और फ्रांस में होगी और शूटिंग अगले वर्ष के अंत तक शुरू हो पाएगी। अमिताभ ने पैरिस में जैकेट से मिलकर फिल्म करने पर अपनी सहमति जताई। उन्होंने लिखा है कि इसके अलावा भी हॉलीवुड से उन्हें टैक्सी ड्राइवर और रेजिंग बुल के लेखक की ओर से फिल्म करने का प्रस्ताव मिला है पर इस बारे में कोई निर्णय पटकथा देखकर लेंगे। 1969 में ख्वाजा अहमद अब्बास की फिल्म सात हिंदुस्तानी में छोटी सी भूमिका से अपना कैरियर शुरू करने वाले अमिताभ बच्चन ने 1972 में फिल्म जंजीर से सफलता का स्वाद चखा और स्टार बने। जंजीर, दीवार और त्रिशूल जैसी फिल्मों ने उन्हें एंग्री यंग मैन की छवि दी और अगले दो दशक तक वह बॉलीवुड पर राज करते रहे।
नब्बे के दशक में उन्होंने पांच साल का ब्रेक लिया और फिर मृत्युदाता से वापसी की। इस बीच उन्होंने अमिताभ बच्चन कार्पोरेशन लिमिटेड कंपनी बनाकर कुछ फिल्मों का निर्माण भी किया। छोटे पर्दे पर कौन बनेगा करोड़पति में दर्शकों ने एक नए अमिताभ बच्चन को देखा और एक बार फिर बडे़ पर्दे पर भी अमिताभ का जादू चल उठा। हाल में आई लास्ट लीयर फिल्म में उन्होंने एक सनकी रंगमंच अभिनेता की भूमिका निभाई है और हमेशा की तरह समीक्षकों ने उनके अभिनय की तारीफों के पुल बांधते हुए फिल्म में उनके अभिनय को अब तक का सर्वश्रेष्ठ अभिनय करार दिया।