
मुंबई। भारतीय सिनेमा का वो सदाबहार सितारा जिसने पांच दशकों से भी ज्यादा समय तक बॉलीवुड पर राज किया है। उनकी लोकप्रियता का आज भी कोई सानी नहीं। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शुक्रवार को उनके घर पर जन्मदिन की बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ था। अभिनेता और निर्माता-निर्देशक देवानंद ने शुक्रवार को अपना 85वां जन्मदिन मनाया। वह आज भी काम और जिंदगी को लेकर उतने ही उत्साहित हैं, जैसे कि करियर अभी शुरू ही किया हो।
अपने प्रशंसकों के साथ जन्मदिन मनाने के बाद वह शुक्रवार को लंदन रवाना हो रहे हैं। वहां उनकी आत्मकथा रोमांसिंग विद लाइफ का अंतरराष्ट्रीय संस्करण जारी होने जा रहा है। इस मौके पर उनकी क्लासिक में शुमार हो चुकी फिल्म गाइड की स्क्रीनिंग भी होगी। फिल्मों से उनका जुड़ाव इतना गहरा है कि वे आज भी किसी न किसी फिल्म के निर्माण में जुटे ही रहते हैं। लंदन से पांच अक्टूबर को लौटने के बाद अपनी नई फिल्म चार्जशिट की शूटिंग में व्यस्त हो जाएंगे।