
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता व निर्माता सुनील शेट्टी नाइन एक्स चैनल पर प्रसारित हो रहे रियलिटी शो कौन जीतेगा बॉलीवुड का टिकट की अंतिम कड़ी में अक्सर विवाद खड़े करते रहने वाले पुनीत इसरानी से माफी मांगते दिखेंगे। शो की विजेता जोड़ी को बालाजी टेलीफिल्म्स और पॉपकॉर्न एंटरटेनमेंट द्वारा 70 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली अगली फिल्म का टिकट दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान शेट्टी से जब पूछा गया कि क्या वे ट्विंकल बाजपेयी और पुनीत इसरानी को अपनी फिल्म में अभिनय करने देंगे, तो उन्होंने तुरंत जवाब दिया था कि यदि पुनीत टिकट जीतेंगे तो उनके साथ फिल्म बनाने से पहले मैं दो बार सोचूंगा। शो के अंतिम चरण में शेट्टी को महसूस हुआ कि उन्हें पुनीत की बेइजती नहीं करनी चाहिए थी और अन्य प्रतियोगियों के सामने पुनीत से माफी मांगते हुए उन्होंने कहा कि मैं चाहता था कि तुम अपनी गलतियों को महसूस करो। मेरी बातों से यदि तुम आहत हुए हो तो इसके लिए मैं बेहद शर्मिदा हूं। यह सुनकर पुनीत की आंखों में आंसू आ गए और सेट पर मौजूद सभी लोगों से उसने अपने दुर्व्यवहार के लिए क्षमा याचना की।