
मुंबई। प्रीति जिंटा टैटू-कला में दक्ष हैं। इस कला में प्रीति की रूचि का परिचय आगामी फिल्म हीरोज की शूटिंग के दौरान हुआ। हीरोज में अपनी भूमिका को वास्तविक बनाने के लिए प्रीति ने स्वयं अपने हाथ पर एक ओंकार का टैटू उकेरा।
हीरोज में प्रीति एक पारंपरिक पंजाबी महिला की भूमिका निभा रही हैं। निर्देशक समीर कर्णिक चाहते थे कि पारंपरिक पंजाबी महिला की तरह प्रीति के हाथों पर एक ओंकार का टैटू हो। समीर ने इसलिए शूटिंग के दौरान एक टैटू आर्टिस्ट को भी निमंत्रण दिया था। उन्होंने जब इस विषय में प्रीति से बात की तो वे चुप रहीं। समीर हैरान थे। तभी, प्रीति ने अपने हाथों में पहले से मौजूद टैटू दिखाया तो वे चौंक गए। समीर कहते हैं, प्रीति को सरप्राइज देने की आदत है। प्रीति ने हीरोज की शूटिंग के प्रारंभ में ही अपने हाथों पर टैटू स्वयं बना लिए थे। दरअसल,हीरोज में अपनी भूमिका को लेकर प्रीति इतनी उत्साहित हैं कि शूटिंग से पूर्व अपने किरदार के धार्मिक,सामाजिक हर पहलू से जुड़ने का प्रयास उन्होंने अपने स्तर से ही प्रारंभ कर दिया था।
-सौम्या अपराजिता