
मुंबई। बचना ऐ हसीनों और वेलकम टू सज्जनपुर में मेहमान कलाकार की भूमिका निभाने के बाद अभिनेता कुणाल कपूर को लगातार ऐसी ही भूमिकाएं मिल रही हैं, इसके बावजूद अपने करियर को लेकर वे असुरक्षित महसूस नहीं करते। कुणाल ने कहा कि फिल्म निर्माता मेरे पास इसी तरह के और किरदारों के प्रस्ताव ला सकते हैं, लेकिन यह मुझ पर निर्भर करता है कि मैं उन्हें करूं या नहीं। मैं करियर को लेकर असुरक्षित महसूस नहीं कर रहा हूं। फिल्में करने की मुझे कोई जल्दी नहीं है।
वे बताते हैं कि उनकी दूसरी फिल्म लंबे समय बाद आई थी। संजय दत्त और बिपाशा बसु के साथ अक्टूबर अंत में कुणाल की अगली फिल्म लम्हा की शूटिंग शुरू होगी। कुणाल कहते हैं कि यदि आप सोच रहे हैं कि श्याम बेनेगल की वेलकम टू सज्जनपुर में दो मिनट के लिए अमृता राव के पति की भूमिका निभाने के लिए मैं तैयार क्यों हो गया तो मैं बता दूं कि बेनेगल के काम को मैं हमेशा ही सराहनीय मानता हूं और उनके साथ काम करके मुझे गर्व महसूस हो रहा है। कुणाल के अनुसार किसी फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने से बेहतर है अच्छी फिल्मों का हिस्सा बनना।