
मुंबई। दिन रात शूटिंग में व्यस्त रहने वाले अमिताभ बच्चन, शाहरुख जैसे बॉलीवुड सितारों के लिए बुधवार आराम करने का दिन था। फेडरेशन आफ वेस्टर्न इंडिया सिने इंप्लाइज (एफडब्ल्यूआईसीई) की अनिश्चितकालीन हड़ताल के चलते मुंबई में पूरा दिन फिल्मों व टीवी सीरियलों की शूटिंग ठप रही। फेडरेशन के लगभग 1.5 लाख सदस्यों ने मजदूरी और काम के घंटे तय करने की मांगों को लेकर हड़ताल की है।
इंप्लाइज फेडरेशन फिल्म इंडस्ट्री का सबसे मजबूत संगठन है, जो फिल्म निर्माण से जुड़े भिन्न तकनीशियनों और कामगारों की 22 यूनियनों को नियंत्रित करता है। इसके सदस्यों में अभिनेता, अभिनेत्री और निर्देशकों से लेकर मेकअप मैन, लाइट मैन, जूनियर आर्टिस्ट और स्पाट ब्याय तक शामिल हैं। बुधवार को फिल्म सिटी, महबूब, फिल्मिस्तान सहित अन्य स्टूडियो में दिन भर सन्नाटा पसरा रहा। बालीवुड के तमाम बड़े अभिनेता शूटिंग से दूर रहे। मुंबई में इस समय यशराज फिल्म की रब ने बना दी जोड़ी और देव आनंद की चार्जशीट जैसी बड़ी फिल्मों की शूटिंग चल रही है। एफडब्ल्यूआईसीई के सचिव धर्मेश तिवारी ने बताया कि हड़ताल पूरी तरह सफल रही। हमें खुशी है कि अमिताभ और शाहरुख जैसे बड़े सितारों भी हमारे साथ हैं। उन्होंने बताया कि फिल्म निर्माता लाइटमैन हो या मेकअपमैन या फिर कोई तकनीशियन, किसी को समय से मजदूरी नहीं दे रहे हैं। उनसे तयशुदा समय से ज्यादा काम लिया जा रहा है। इसके चलते उनकी हालत बहुत खराब हो गई है। उधर, द फिल्म एंड टेलीविजन प्रोड्यूसर गिल्ड आफ इंडिया ने गुरुवार को एक बैठक बुलाई है जिसमें इंप्लाइज फेडरेशन की मांगों पर विचार किया जाएगा। गिल्ड के 290 सदस्य हैं। बैठक में एडलैब्स के चेयरमैन मनमोहन शेट्टी भी शामिल होंगे, जो फिलहाल गिल्ड के अध्यक्ष भी हैं।