
मुंबई। बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान ने अभिषेक बच्चन की फिल्म द्रोण के प्रीमियर पर पहुंचकर सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ अपने शीत युद्ध की खबरों पर विराम लगा दिया है। शाहरुख ने बुधवार को कहा कि मिस्टर बच्चन और मेरे बीच के विवादों की सारी खबरें मीडिया ने बनाई थीं और हमारे बीच ऐसा कुछ भी नहीं है। वे कहते हैं कि अपने करियर के इस पड़ाव पर मुझे हमेशा यही कहना चाहिए कि एक कलाकार होना कितना अच्छा है, क्योंकि कलाकारों खासकर बॉलीवुड कलाकारों के प्रति लोगों का रवैया बिल्कुल अलग होता है। हम सभी को इन बेकार की बातों से अलग रहना चाहिए, क्योंकि उनसे किसी का भला नहीं होता।
पत्नी गौरी खान के साथ प्रीमियर पर पहुंचे किंग खान ने अभिषेक को गले लगाया और फिल्म की सफलता के लिए उन्हें शुभकामनाएं भी दीं। शाहरुख कहते हैं कि फिल्म में अभिषेक को देखकर मैं बेहद उत्साहित हूं। मुझे लगता है कि इसके लिए उन्होंने सचमुच काफी मेहनत की है। मैं उन्हें सफलता के लिए शुभकामनाएं देता हूं। बच्चन परिवार सहित यश चोपड़ा, सूरज बड़जात्या, करण जौहर, राकेश ओम प्रकाश मेहरा, फरहान अख्तर, आशुतोष गोवारिकर, शाहिद कपूर, सुष्मिता सेन, फराह खान, हरमन बावेजा, कुणाल कपूर और साजिद खान जैसी बॉलीवुड की कई हस्तियां प्रीमियर पर मौजूद थीं। इस अवसर पर उद्योगपति अनिल अंबानी और समाजवादी पार्टी के नेता अमर सिंह ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।