
लंदन। विशेषकर भारत में विधवाओं के बच्चों की शिक्षा के काम के लिए समर्पित ब्रिटेन स्थित लूंबा ट्रस्ट ने बॉलीवुड अभिनेत्री काजोल को अपना सद्भावना दूत और संरक्षक बनाया है। बृहस्पतिवार शाम महात्मा गांधी के जन्म दिवस और संयुक्त राष्ट्र अहिंसा दिवस के कार्यक्रम के दौरान व्हाइट हाल में ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर की पत्नी तथा ट्रस्ट की अध्यक्ष चेरी ब्लेयर ने काजोल को स्मृति पट्टिका प्रदान की।
दिलवाले दुल्हनिया ले जायेंगे और कुछ कुछ होता है जैसी बेहतरीन फिल्मों की दमदार अभिनेत्री काजोल ने इसे बड़ा सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि मैं इस नियुक्ति के बाद अपनी ओर से बेहतर योगदान देने का प्रयास करूंगी। इस ट्रस्ट की स्थापना राज लूंबा ने अपनी स्वर्गीय मां की स्मृति में की थी। उन्होंने कहा कि मैं आशा करता हूं। कि काजोल धन से भी हमारी मदद करेंगी जिसकी हमारी चैरेटी को सख्त आवश्यकता हैं। इस कार्यक्रम में ब्रिटेन में भारतीय उच्चायुक्त शिवशंकर मुखर्जी लंदन के मेयर बोरिस जानसन पूर्व मेयर केन लिविंगस्टोन हाउस आफ लार्डस् में लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के उपनेता लार्ड नवनीत ढोलकिया सहित तमाम गणमान्य लोग उपस्थित थे। इस अवसर पर चेरी ब्लेयर ने कहा कि ट्रस्ट अपनी गतिविधियां श्रीलंका, नेपाल, दक्षिण अफ्रीका और लुआंडा में फैलाएगा। भारत में इसने विधवा महिलाओं के 3500 बच्चों की शिक्षा में मदद की हैं।