
मुंबई। आने वाले रियलटी शो नच बलिए में जज की भूमिका निभाने जा रही बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर ने कहा कि फिल्म और टेलीविजन के बीच की दूरियां मिट गई हैं। करिश्मा ने कहा कि छोटे पर्दे के तेजी उभरने के कारण बड़े पर्दे के साथ सीमाएं लगभग समाप्त हो रही है और ऐसे में छोटे पर्दे को चुनना आसान हो गया है।
टेलीविजन धारावाहिक करिश्मा: ए मिरेकल आफ डेस्टेनी में आखिरी दफा छोटे पर्दे पर दिखाई दी करिश्मा ने कहा कि मातृत्व उनके जीवन का सबसे सुखद अनुभव है। राजा हिंदुस्तानी, दिल तो पागल है, बीवी नंबर वन, जुबैदा और फिजा जैसी कई बेहतरीन फिल्में दे चुकीं करिश्मा कहती हैं कि महज 17 साल की उम्र में ही मैंने अभिनय शुरू कर दिया था। मैं खुद को खुशकिस्मत मानती हूं कि मुझे अलग-अलग तरह की फिल्में करने का मौका मिला। मेरे लिए अभिनय से यह दूरी महज कुछ दिनों की छुट्टी की तरह थी। करिश्मा कहती हैं कि इस शो के लिए मुझे बहुत ज्यादा वक्त देने की जरूरत नहीं थी, इसलिए मैं इससे जुड़ने के लिए तैयार हो गई। हफ्ते में केवल एक या दो बार मुझे शूटिंग के लिए जाना होता है, इसलिए मैं अपने घर और बेटी समायरा के लिए भी आसानी से वक्त निकाल लेती हूं। अक्षय कुमार सहित फिल्म जगत के मेरे सभी साथी कलाकार टेलीविजन शो कर रहें हैं। ऐसे में जब मेरे पास यह प्रस्ताव आया, तो मुझे निर्णय लेने में देर नहीं लगी। आगामी फिल्म लम्हा से करिश्मा की बॉलीवुड में वापसी की उम्मीद की जा रही है।