
विएना। ऑस्ट्रिया में आगामी 17 अक्टूबर से शुरू होने वाले चर्चित फिल्म समारोह विएनेल में दो भारतीय फिल्में दिखाई जाएंगी। समारोह में अडूर गोपालकृष्णन की फिल्म फोर वुमेन (नालु पेनुनगल) और निशिता जैन के वृत्तचित्र लक्ष्मी एंड मी का प्रदर्शन किया जाएगा। भारतीय सिनेमा के यूरोपीय प्रशंसक समारोह के दौरान इन फिल्मों का आनंद ले सकेंगे।
गोपालकृष्णन ने कहा कि मेरी कुछ फिल्में विएना में पहले भी दिखाई जा चुकी हैं, लेकिन इस फिल्म को विएनेल में पहली बार दिखाया जा रहा है। दर्शकों से अपने काम के विषय में चर्चा कर पाना मेरे लिए गर्व की बात होगी। नालु पेनुनगल का विश्वस्तरीय प्रीमियर वर्ष 2007 के टोरंटो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह में किया गया था जिसे बाद में 51वें लंदन फिल्म समारोह में भी प्रदर्शित किया गया।