
कराची। कराची के एकमात्र मल्टीप्लेक्स के मालिक का मानना है कि पाकिस्तान में फिल्म संस्कृति को पुनर्जीवित करने में बॉलीवुड में हाल में रिलीज हुई फिल्मों का बहुत बड़ा योगदान है। मोइन उर रहमान ने 2001 में कराची के समुद्र के करीब चार स्क्रीन वाला कॉम्प्लेक्स बनवाया। यह ऐसा वक्त था जब पाकिस्तान में सिनेमा उद्योग मृतप्राय हो गया था और सिनेमाघर शापिंग माल में तब्दील हो रहे थे। लोग सिनेमाघर नहीं जा रहे थे। क्योंकि बॉलीवुड और हॉलीवुड की नई रिलीज फिल्मों की पायरेटेड सीडी घर पर ही मिल जाती थी।
मोइन ने कहा कि पाकिस्तान में बॉलीवुड फिल्मों को रिलीज करने की अनुमति प्रदान करना सकारात्मक था जिससे परिवार सिनेमाघरों में आने लगे। मोइन ने कहा कि यह पाकिस्तान में सिनेमा संस्कृति के एक बार फिर पुनर्जीवित करने के लिए अच्छा रहा। पाकिस्तान में बॉलीवुड और हॉलीवुड फिल्मों को जारी करना स्वागत योग्य हैं। हम देखते हैं कि अब लोग पसंद की फिल्मों का इंतजार करते हैं और सिनेमाघर ठसाठस भरे रहते हैं।