
नई दिल्ली। इटालियन माडल से बॉलीवुड अभिनेत्री बनी रोजा कैटलानो पर एक फिल्म निर्माता ने अनुबंध का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए उसे स्वदेश वापस भेजने की धमकी दी है। शीघ्र प्रदर्शित होने वाली देशद्रोही के निर्माता कमल ने भारतीय मोशन पिक्चर्स प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन को भेजे पत्र में दावा किया है कि अभिनेता सैफ अली खान की पूर्व महिला मित्र रोजा के पास भारत में काम करने का वीजा नहीं है। रोजा ने द्रेशद्रोही फिल्म में एक आइटम संगीत में काम किया।
कमल ने एसोसिएशन से कहा है कि उनके साथ किए गए अनुबंध के अनुसार अपने वादे को पूरा नहीं करने के कारण रोजा को बॉलीवुड में काम करने पर प्रतिबंध लगा दिया जाए। निर्माता ने आरोप लगाते हुए कहा है कि अभिनेत्री ने फिल्म के प्रमोशन के लिए चार दिन का समय देने का अनुबंध में वादा किया था, लेकिन वह सिर्फ संगीत रिलीज होने के मौके पर ही मौजूद रही और अब किसी अन्य प्रमोशन कार्यक्रम में भाग लेने से इंकार कर दिया है। देशद्रोही के प्रमोशन से संबंधित कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए और रुपये की मांग कर रही है, जो उसके द्वारा किए गए अनुबंध के विपरीत है। अनुबंध में कहा गया है कि अभिनेत्री को तय मेहनताना के अतिरिक्त फिल्म के प्रमोशन या फिल्म से संबंधित किसी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए अलग से भुगतान नहीं किया जाएगा। रोजा के मीडिया में जाने पर कमल ने नराजगी व्यक्त की है।
उल्लेखनीय है कि रोजा ने हाल ही एक अंग्रेजी दैनिक को दिए साक्षात्कार में कहा था कि देशद्रोह के बकाए का भुगतान निर्माता नहीं कर रहे हैं। रोजा ने यह आरोप भी लगाया था कि निर्माता ने जो चैक उसे दिया था वह बाउंस हो गया है। इस आरोप पर कमल ने कहा कि चैक नई फिल्म के लिए दिया गया था जिसके लिए वह नया अनुबंध करने वाले थे, लेकिन रोजा ने अनुबंध पर हस्ताक्षर किए बगैर चैक को बैंक में जमा कर दिया। जिस कारण भुगतान रोकना पड़ा। उन्होंने कहा कि चैक बांउस नहीं हुआ था, बल्कि भुगतान रोका गया था। उन्होंने कहा कि अब वह रोजा के साथ काम नहीं करना चाहते हैं और भविष्य में वह अभिनेत्री के साथ काम नहीं करेंगे। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन ने रोजा को नोटिस भेजकर इसी महीने के पहले सप्ताह में तलब किया है।