
मुंबई। जाने माने गीतकार समीर का कहना है कि हिमेश रेशमिया अभिनीत फिल्म कर्ज के लिए लिखे गए उनके गीत प्रख्यात गीतकार आनंद बक्शी को समर्पित हैं। समीर ने कहा कि फिल्म कर्ज मेरे दिल के बेहद करीब है। क्योंकि मैंने इसके लिए लिखे गए अपने गीतों को आनंद बक्शी को समर्पित किया है। मैं उन्हें अपना गुरु मानता हूं और उनसे मुझे प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि कर्ज के संगीत में ऐसा जादू है कि लोग अपने पैरों को थिरकने से रोक नहीं पाएंगे। समीर ने कहा कि पिछले कुछ वर्षो में करीब तीन दर्जन से अधिक लोकप्रिय गीत अपने खाते में कर चुके हिमेश रेशमिया ने इस फिल्म में भी अपना करिश्मा दिखाया है। लंबे अंतराल के बाद कर्ज में हिमेश और समीर ने एक साथ काम किया है। इससे पहले इस जोड़ी ने फिल्म आप का सुरूर में काम किया था। समीर ने कहा कि हिमेश और मैने एक टीम बनाई थी। तेरे नाम से लेकर आप का सुरूर तक मैंने हिमेश के साथ अपना सबसे अच्छा काम किया है, लेकिन अब उन्होंने तय किया है कि वह केवल अपनी ही फिल्मों के लिए संगीत देंगे। अत: मुझे अलग होना ही पड़ा।
समीर ने कहा कि मैं हिमेश की आने वाली फिल्मों के लिए गीत लिख रहा हूं। इसमें कर्ज के अलावा कजरारे और ए लव स्टोरी प्रमुख हैं। उन्होंने बताया कि कर्ज फिल्म में तबला, सितार, हार्मोनियम और सारंगी जैसे परंपरागत भारतीय वाद्यों का अभिनव प्रयोग किया गया है। फिल्म का संगीत इतना जीवंत है कि उसे सुन कर 80 के दशक के डिस्को दौर की याद आ जाती है। समीर ने कहा कि कर्ज की थीम बदले पर आधारित है। यह साफ्ट थीम नहीं है, लेकिन मुझे इस फिल्म के लिए रोमांटिक गाने लिखने की चुनौती मिली। मुझे शब्दों के तिलिस्म से जम कर जूझना पड़ा। मैंने जो किया उसका श्रेय मेरे प्रेरणास्रोत आनंद बक्शी को है। समीर गोलमाल रिटर्न्स, डू नाट डिस्टर्ब, कजरारे, हाउसफुल और अन्य फिल्मों के लिए गीत लिख रहे हैं। वह ऐसे गीत लिखना चाहते हैं, जो लोगों को लंबे समय तक याद रहें।