
मुंबई। रियलिटी डांस शो जरा नचके दिखा के अंतिम दिन अभिनेता बख्तियार ईरानी के व्यवहार से दुखी मलाइका अरोड़ा ने कहा कि शो के पहले दिन से ही उनका व्यवहार कुछ अजीब रहा है। मलाइका इस शो को होस्ट कर रही हैं। टेलीविजन के स्टार वन चैनल पर प्रसारित हो रहे इस शो में पुरुष प्रतियोगियों का नेतृत्व कर रहे बख्तियार को जब महसूस हुआ कि अब उनकी जीत मुश्किल है, तो उन्होंने बखेड़ा खड़ा कर दिया।
मलाइका ने कहा कि कई बार मैं निर्णायक की भूमिका निभा चुकी हूं। मैं मानती हूं कि बख्तियार के कंधों पर भार काफी बढ़ गया था, लेकिन शो के दौरान किसी प्रतियोगी का ऐसा व्यवहार मैंने पहली बार देखा है। छैंया छैंया गीत से चर्चित हुई मलाइका ने कहा कि पहली बार मुझे इतना गुस्सा आया है। बख्तियार का व्यवहार सचमुच बहुत बुरा था। पहले दिन से ही उनके व्यवहार में मैंने यह रूखापन देखा था। वे एक अच्छे नर्तक हैं, लेकिन उन्हें हार को गले लगाना नहीं आया।