
नई दिल्ली। निर्देशक संजय गढ़वी का कहना है कि बृहस्पतिवार को रिलीज हुई अपनी फिल्म किडनैप में उन्होंने अभिनेता उदय चोपड़ा को इसलिए नहीं लिया, क्योंकि वह फिल्म के किरदार के मुकाबले ज्यादा उम्र के थे। उदय को दो बेहतरीन फिल्मों धूम और धूम 2 देने वाले गढ़वी मेरे यार की शादी है के ठीक बाद किडनैप बनाना चाहते थे।
इस फिल्म में मुख्य भूमिका के लिए तब उन्होंने उदय को ही चुना था। गढ़वी कहते हैं कि किडनैप की पटकथा वर्ष 2002 में ही लिखी जा चुकी थी और मेरे यार.. के ठीक बाद इसके निर्माण की योजना थी, लेकिन इसी बीच धूम का निर्माण शुरू हुआ और किडनैप में देरी हो गई। धूम हिट रही तो धूम 2 की योजना बन गई और एक बार फिर किडनैप को आगे बढ़ाना पड़ा। किडनैप के लिए गढ़वी को एक नए व युवा चेहरे की तलाश थी। परिणामस्वरूप उदय की जगह इमरान को लिया गया। हालांकि फिल्म के दूसरे मुख्य अभिनेता के रूप में उनकी पहली पसंद संजय दत्त ही थी। गढ़वी कहते हैं कि अपने किरदार के लिए संजय बिल्कुल सही थे, लेकिन उदय की उम्र ज्यादा थी। फिर, धूम के मस्तमौला अली का किरदार दर्शकों के जहन में आज भी है।