
मुंबई। बॉलीवुड निर्देशक गोल्डी बहल की फिल्म द्रोण को बॉक्स ऑफिस पर भले ही अच्छी प्रतिक्रिया ना मिली हो लेकिन इसकी दूसरी कड़ी बनाने का फैसला उन्होंने कर लिया है। इसे वे अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन को समर्पित करेंगे।
बहल ने कहा, मुझे खुशी है कि आर्यन को यह फिल्म अच्छी लगी। मैंने यह फिल्म बच्चों के लिए ही बनाई थी। बहल द्रोण की दूसरी कड़ी बनाने का निर्णय ले चुके हैं। वे इसे शाहरुख के बेटे आर्यन और अपने बेटे रणवीर सहित देश के उन सभी बच्चों को समर्पित करेंगे जिन्हें मजबूरन वयस्कों की फिल्में देखनी पड़ती हैं क्योंकि देश में ऐसी फिल्में बनाई ही नहीं जाती हैं।
बहल के अनुसार इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि द्रोण बॉक्स ऑफिस पर सफल होती है या नहीं क्योंकि इसकी दूसरी कड़ी बनना तय है। अभिनेता अभिषेक बच्चन ने भी इसकी दूसरी कड़ी बनाने के बहल के निर्णय का स्वागत किया है।