
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री सोहा अली खान को मीडिया से कोई शिकायत नहीं है लेकिन मीडिया द्वारा उनके भाई सैफ अली खान और उनकी प्रेमिका करीना कपूर को लेकर सवाल किया जाना उन्हें बिल्कुल भी सही नहीं लगता।
सोहा ने कहा कि लोग मुझसे जब मेरे भाई और करीना के बारे में पूछते हैं, तो मुझे बहुत खीझ होती है, लेकिन इस बात से अब गुस्सा नहीं आता। मैं बड़ी ही शांति से मीडिया से कहती हूं कि वे मुझसे ऐसे सवाल न करें। वे कहती हैं कि इसका कारण यह नहीं है कि मैं उनके बारे में कुछ कहना नहीं चाहती बल्कि इसकी वजह यह है कि क्योंकि यदि मीडिया उन तक नहीं पहुंच पा रही है तो मैं उनके लिए क्यों कुछ बोलूं। मैं उनकी प्रवक्ता नहीं बनना चाहती। वैसे भी ये सवाल बेहद निजी हैं और मैं इनसे असहज महसूस करती हूं। सोहा अपनी फिल्म 99 की शूटिंग के सिलसिले में दिल्ली आई हुई थीं। इसके अलावा सोहा दिल कबड्डी, ढूंढ़ते रह जाओगे और तेरा क्या होगा जॉनी जैसी फिल्मों में भी काम कर रही हैं।