
टोरंटो। छठे अतंर्राष्ट्रीय स्पिनिंग व्हील फिल्म फेस्टिवल (एसडब्ल्यूएफएफ) के दौरान केवल सिख समुदायों पर आधारित फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। इसाबेल बैडर थिएटर में आयोजित इस समारोह के जरिए बड़ी संख्या में पंजाबी समुदाय के लोगों को एक जगह जुटने का मौका मिलेगा।
सिख और पाश्चात्य संगीत की प्रस्तुति के साथ शुक्रवार रात समारोह की शुरुआत करने वाले ऑस्ट्रेलिया के गायक दया सिंह के अनुसार इस समारोह के जरिए दुनिया भर के पंजाबी-सिख भारतवासियों को अपनी संस्कृति, विचार और परंपरा को साथ मिलकर उत्सव के रूप में मनाने का मौका मिलेगा। कनाडा और दुनियाभर के मुख्यधारा से जुड़े सिख फिल्म निर्माताओं की फिल्मों का प्रदर्शन इस तीन दिवसीय समारोह में किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता करने वाले बीरिन्दर सिंह अहलुवालिया ने कहा कि हमने 150 में से 28 फिल्मों का चुनाव किया है जो सिखों पर आधारित है लेकिन इनका निर्माण सिख, हिंदू, मुस्लिम, सभी समुदायों और रंगों के लोगों ने किया है।