
मुंबई। पेट में तीव्र दर्द की शिकायत के बाद यहां के एक अस्पताल में भर्ती किए गए मेगास्टार अमिताभ बच्चन पर बॉलीवुड ने कम से कम 100 करोड़ रुपये का दांव लगा रखा है। अमिताभ का कल जन्मदिन था और वह 66 साल के हो गए। लेकिन कल ही पेट में तकलीफ के कारण उन्हें बांद्रा उपनगर स्थित लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें अभी 48 घंटे से लेकर 72 घंटे तक डाक्टरों की निगरानी में रहना होगा।
अभिषेक ने शनिवार को बताया कि उनके पिता के स्वास्थ्य में सुधार है। अमिताभ की तबियत अचानक खराब होने की खबर से बॉलीवुड में सनसनी फैल गई। शुक्रवार तक अमिताभ ने मुंबई की विभिन्न लोकेशनों पर लीना यादव की 25 करोड़ रुपये की लागत वाली फिल्म तीन पत्ती की शूटिंग की है। सुजय घोष की फिल्म अलादीन में अमिताभ के साथ रितेश देशमुख और संजय दत्त हैं। 35 करोड़ रुपये की लागत वाली इस फिल्म की शूटिंग अमिताभ पूरी कर चुके हैं। हाल ही में उन्होंने सुजीत सरकार की शू बाइट की शूटिंग भी की। इस फिल्म का बजट 20 करोड़ रुपये है। इसके अलावा संजय लीला भंसाली की चनाब गांधी और चंद्रप्रकाश द्विवेदी की कुणाल शीघ्र ही फ्लोर पर जाने वाली हैं।
फिल्म उद्योग के सूत्रों का कहना है कि अमिताभ की बीमारी का असर इन फिल्मों के शूटिंग शेड्यूल पर पड़ेगा। फिल्म जगत के विश्लेषक अमोद मेहरा ने कहा कि अमिताभ की बीमारी से बॉलीवुड को आर्थिक नुकसान तो होगा ही साथ ही यह गहरा झटका भी है क्योंकि अमिताभ एक संस्थान हैं, एक लीविंग लीजेंड हैं। उन्होंने बताया कि पूरा फिल्म उद्योग बिग बी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना कर रहा है। कल अमिताभ के खून की जांच और पेट का सीटी स्कैन किया गया था। उनके प्रवक्ता ने बताया कि इन परीक्षणों की रिपोर्ट संभवत: आज दोपहर तक आ जाएगी। अमिताभ को दिसंबर में मुंबई में होने जा रहे लाइव अर्थ कान्सर्ट में भाग लेना है। यह कान्सर्ट वायुमंडलीय तापमान में वृद्घि और जलवायु परिवर्तन के बारे में जागरुकता फैलाने के लिए है। अमिताभ ने अपने ब्लाग पर आखिरी बार विचार नौ अक्तूबर को लिखे थे। उनके प्रशंसकों को 11 अक्तूबर को उनके जन्मदिन पर उनके ब्लाग का बेसब्री से इंतजार था। लेकिन बिग बी अपना जन्मदिन अपनी बेटी श्वेता के बच्चों के साथ मनाने के लिए उत्सुक थे। दशहरे की छुट्टियां होने के कारण श्वेता के दोनों बच्चे दिल्ली से मुंबई आए थे।