
नई दिल्ली। पूर्व मिस इंडिया एवं अभिनेत्री दिया मिर्जा का कहना है कि बॉलीवुड में आपकी प्रतिभा नहीं देखी जाती बल्कि यह देखा जाता है कि आपकी कितनी फिल्में सफल रही हैं। फिल्म क्रेजी 4 में मेहमान भूमिका निभाने के बाद बड़े परदे से लगभग गायब हो चुकीं दिया को अपनी आगामी फिल्म बिट्स एंड पीसेज से काफी उम्मीदें हैं। रिलीज के लिए तैयार इस फिल्म में वे राहुल बोस के साथ नजर आएंगी।
दिया मानती हैं कि उनकी फिल्मों की लगातार असफलता की वजह से ही फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों का रवैया उनके प्रति अच्छा नहीं रह गया है। दिया ने कहा कि फिल्मों में मैंने अच्छे बैनर, निर्माताओं और अभिनेताओं के साथ काम करना शुरू किया था लेकिन मेरी फिल्में बहुत अच्छा नहीं कर पाई। हम एक ऐसे क्षेत्र से जुड़े हैं, जो एक अजीब सी मानसिकता के साथ काम करता है। यह आपकी प्रतिभा नहीं आपकी सफल फिल्मों की संख्या को देखता है।