16 अक्तूबर से मुंबई में लगेगा एशियाई सिनेमा का मेला

16 अक्तूबर से मुंबई में लगेगा एशियाई सिनेमा का मेला

मुंबई। चीनी फिल्म तून्यास मैरिज के साथ बृहस्पतिवार को यहां के यशवंतराव चव्हाण सभागृह में सातवां थर्ड आई एशियाई फिल्मोत्सव शुरू हो जाएगा। 16 से 23 अक्तूबर तक चलने वाले इस फिल्मोत्सव में चव्हाण सभागृह, चर्चगेट, प्लाजा सिनेमाघर, दादर, और फन रिपब्लिक अंधेरी में एशिया के 20 से अधिक देशों की लगभग 80 फिल्मों का प्रदर्शन होगा। फिल्मोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख करेंगे जबकि सांस्कृतिक मंत्री अशोक चव्हाण और मराठी दैनिक लोकसत्ता के संपादक कुमार केतकर प्रमुख अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

फिल्मोत्सव का आयोजन एशियन फिल्म फाऊंडेशन करता है। फाऊंडेशन के सूत्रों ने बताया कि इस बार फिल्मोत्सव में फिल्म अभिनेता, निर्माता और निर्देशक आमिर खान को उनकी फिल्म तारे जमीन पर को भारत की तरफ से ऑस्कर पुरस्कारों की विदेशी भाषा में सर्वश्रेष्ठ फिल्म श्रेणी में भेजने के लिए सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा फिल्म ट्रैफिक सिग्नल को राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजे जाने के उपलक्ष्य में निर्देशक मधुर भंडारकर को भी सम्मानित किया जाएगा। हर वर्ष दिया जाने वाला एशियाई फिल्म कल्चर पुरस्कार इस बार कोरिया के निर्देशक पार्क स्वैंग त्सू को दिया जाएगा। जबकि सत्यजीत रे स्मृति पुरस्कार राष्ट्रीय फिल्म संग्रहालय के पूर्व निदेशक पी.के. नायर को दिया जाएगा। फिल्मोत्सव की सेंटर पीस फिल्म के रूप में पार्क स्वैंग त्सू की फिल्म सिंगल स्पार्क को चुना गया है और समापन श्रीलंका की फिल्मकार सोमारत्ने दिसानायके की फिल्म किंग सीरी से होगा। फिल्मोत्सव में दिवंगत रंगकर्मी विजय तेंदुलकर को श्रद्धांजलि स्वरूप उनकी लिखी तीन फिल्मों अर्धसत्य, उंबरठा और मंथन का प्रदर्शन भी होगा। मिस्र के फिल्मकार यूसुफ शाहीने की द इजिप्तयन स्टोरी द लैंड, द च्वायस का भी विशेष प्रदर्शन होगा। फिल्मकार पर फोकस खंड में इजरायल के डैन वोल्मैन और दक्षिण कोरियाई फिल्मकार किम.की.डूक को चुना गया है। जहां वोल्मैन की हाईड एंड सीक, बेबी लव, द डिस्टैंस, फोरेन सिस्टर, बेन्स बायोग्राफी और टाईड हैंड्स का प्रदर्शन होगा वहीं किम की द कोस्ट गार्ड, स्प्रिंग, समर, फाल, विंटर एंड स्प्रिंग, स्मारईन गर्ल, टाईम और ब्रेथ दिखाई जाएंगी।

एशियन मास्टर्स खंड में सत्यजीत रे की पाथेर पांचाली, अपराजितो, चारुलता, महानगर, अरण्येर दिन रात्री, सीमाबद्ध और आगंतुक का प्रदर्शन भी फिल्मोत्सव की एक विशेषता होगी। सिंहावलोकन खंड में जापानी फिल्मकार कीसुके किनोशिता की फिल्मों का प्रदर्शन होगा। इनमें मॉर्निग ऽॉर द ओजोन फैमिली, वूमन, ए रिकॉर्ड ऑफयुथ, कारमेन्स प्युअर लव, स्प्रिंग ड्रीम्स, द सेंट ऑफ इन्सेंस और टवेल्व पेयर ऑफ आईस शामिल हैं। इसके अलावा स्पेक्ट्रम एशिया खंड में विभिन्न एशियाई देशों में हाल के वर्षो में बनी फिल्मों का प्रदर्शन होगा। इंडियन विस्टा में दिखाई जाने वाली फिल्मों में गिरीश कसरवल्ली की नई फिल्म गुलाबो टाकीज शामिल है। प्रतियोगिता खंड में किसी निर्देशक की पहली अथवा दूसरी फिल्म को पुरस्कृत किया जाता है। इस बार इस प्रतियोगिता में नौ फिल्में शामिल हैं। इसके अलावा लघु फिल्मों की भी एक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है, जिसमें 35 फिल्मों का प्रदर्शन होगा।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(0) वोट का औसत

average:0
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित