
मुंबई। बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने अपने टूर के भारतीय प्रायोजक और जर्मन एजेंट के बीच विवाद होने के कारण जर्मनी में अपने तीन शो रद्द कर दिए हैं। इसके साथ ही स्पेन का शो इसलिए रद्द कर दिया गया क्योंकि केवल स्पेन में शो करना काफी खर्चीला पड़ रहा था। ये तीनों शो उनके आगामी वर्ल्ड टूर टेम्पटेशन रीलोडेड का हिस्सा थे और उन्हें इसी सप्ताह होना था।
इवेंट मैनेजमेंट फर्म सिनेयुग के निदेशक मोहम्मद मोरानी ने कहा कि हमने जर्मन प्रोमोटर्स सेन्सएशियन मीडिया लिमिटेड को कार्यक्रम के प्रमोशन का काम सौंपा था लेकिन उन्होंने समझौते की शर्तो का पालन नहीं किया। इसीलिए हमने शो रद्द कर दिया। उन्होंने कहा कि हमने स्पेन का टूर भी रद्द कर दिया है क्योंकि केवल स्पेन जाना काफी महंगा पड़ेगा। उधर सेन्सएशियन मीडिया लिमिटेड ने कहा कि शो रद्द करने के लिए उसे कोई कारण नहीं बताया गया है।