
नई दिल्ली। संगीतकार, गायक से अभिनेता बने हिमेश रेशमिया की अपनी नई फिल्म कर्ज में पहली बार उनके ऐसे गीत सुनने को मिलेंगे जो उन्होंने नाक से नहीं गाए हैं। हिमेश ने बताया कि हां गाना एक हसीना थी पहला गाना है जो नाक से नहीं गाया गया हैं। यह मूल रुप से पुरानी कर्ज में किशोर कुमार द्वारा गाए गाने जैसा ही है। मैंने इसकी स्टाइल नहीं बदली है।
उन्होंने कहा कि आमतौर पर मैं ऊंचे स्वर में गाता हूं जो कि नाक के बल होता है लेकिन इस गाने को मैंने मध्यम स्वर में गाया है। शुक्रवार को रिलीज हो रही यह फिल्म 1980 की सुभाष घई की ब्लाकबस्टर कर्ज की रीमेक है। उन्होंने बताया कि एक हसीना थी पुरानी फिल्म के एकल गाने जैसा ही है। वहीं फिल्म में सात अन्य गाने उन्होंने कंपोज किए हैं जो कि समसामयिक हैं। मूलरुप से संगीतकार हीमेश पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि वह केवल अपनी फिल्म का संगीत ही कंपोज करेंगे।
रीमेक बनाने के बारे में उन्होंने बताया कि निर्माता नई फिल्म भी पुरानी फिल्म जैसी ही बनाना चाहते थे। कहानी चरित्र और कई दृश्य हूबहू पुरानी कर्ज जैसे हैं। लेकिन फिल्म के दूसरे भाग में नया मोड़ देखने को मिलेगा। ्र