
नई दिल्ली। रेशम के पल्लू से सरसराते और बारिश की बूंदो से भीगे अपने विश्व स्तरीय संगीत की धुनों पर हर किसी को थिरकने के लिए मजबूर कर देने वाले संगीतकार ए.आर.रहमान के कार्यक्रम हंटिंग फार म्यूजिक टेलेंट का दिसंबर से दूरदर्शन पर प्रसारण किया जाएगा। इस कार्यक्रम में रहमान द बिग बैंड शो की मेजबानी करेंगे, जिसमें न केवल भारत बल्कि नेपाल, मलेशिया, पाकिस्तान, बांग्लादेश, सिंगापुर और श्रीलंका के कलाकार अपने फन का मुजाहिरा करेंगे। विजेता कलाकार को तीन अलबम और छह म्यूजिक वीडियो के लिए प्रबंधन सहित राष्ट्रीय और अंर्तराष्ट्रीय मंच पर कार्यक्रम पेश करने का मौका मिलेगा। इसके साथ-साथ उसे एक करोड़ रुपये का ईनाम भी दिया जाएगा।
शो में भाग लेने वाले कलाकार मनोरंजन कंपनी फात फिश रिकार्ड्स कंपनी के साथ तीन साल का अनुबंध करने के लिए एक दूसरे को कड़ी टक्कर देंगे। रहमान ने बुधवार को कहा कि हमने टेलीविजन पर तमाम रियलिटी शो देखे हैं। लेकिन यह शो इस मायने में अलग होगा कि इसमें सिर्फ भारत के कलाकार अपना प्रदर्शन नहीं करेंगे बल्कि हम विभिन्न देशों के कलाकारों को एक साझा मंच मुहैया करा रहे हैं। फात फिश के अध्यक्ष आनंद सुरापुर ने कहा कि लोगों का एक बड़ा वर्ग है जो परंपरागत बॉलीवुड संगीत के अलावा भी काफी कुछ सुनना पसंद करता है। क्षेत्र, भाषा, उम्र की सीमाओं को तोड़ते हुए इस शो में संगीत की प्रतिभाएं अपना कार्यक्रम पेश करेंगी। दूरदर्शन की शानदार पहुंच को देखते हुए हम इस शो को जल्द दूरदर्शन पर पेश करेंगे। फात फिश के प्रबंध निदेशक के.आर.हरीश ने कहा कि हमारा मानना है कि एक व्यापक विकल्प को पेश करने के लिए यह सही समय है। अकल्पनीय संख्या में प्रतिभाएं मौजूद हैं और बात सिर्फ उन्हें सामने लाने उन्हें तराशने और सही ढंग से पेश करने की है।
शो में भाग लेने वाले बैंड में दो से लेकर दस तक सदस्य हो सकते हैं, जिनमें एक प्रमुख गायक होगा। हर बैंड को तीन धुनें पेश करनी होंगी। इनमें पहली धुन बॉलीवुड फिल्म लोक संगीत या क्षेत्रीय संगीत से जुड़ी कोई ऐसी लोकप्रिय धुन होगी जिसे उसके मूल स्वरुप में पेश करना होगा। दूसरी धुन रहमान की बनाई हुई धुन पर आधारित होगी जिसमें बैंड को अपनी पसंद से फेरबदल करने की इजाजत होगी। रहमान इस धुन को 24 अक्तूबर को पेश करेंगे। इसके अलावा बैंड को अपनी एक मूल धुन भी पेश करनी होगी।
रहमान ने कहा कि मेरी भूमिका बैंड और लोगों के बीच एक संपर्ककी ही होगी। शो का विचार कुछ अनूठा है, लेकिन इसका संबंध सीधा आम लोगों से होगा। शो के बारे में लगाई गई उम्मीदों के सवाल पर रहमान ने कहा कि इन बैंड से कुछ नया हासिल करने की यह एक कोशिश है। हम विभिन्न तत्वों पर गौर करेंगे। एक बैंड से एक तत्व दूसरे से कोई और -- मेरा मानना है कि शो में हैरान कर देने वाली अनेक चीजें होंगी, क्योंकि इसमें इतने सारे बैंड होंगे। चुने गए बैंड को आडिशन के पहले चरण के लिए आमंत्रित किया जाएगा, जहां जज उनसे इन तीन में से कोई भी धुन पेश करने के लिए कह सकते हैं।