
नई दिल्ली। धाराप्रवाह हिन्दी बोलने में महारथ रखने वाले मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने अपना ब्लाग हिंदी में लिखना शुरु कर दिया है। अमिताभ ने आज अपना जो ब्लाग पोस्ट किया है, वह हिंदी में है। उन्होंने ब्लाग में अभिषेक नामक एक पाठक का आभार व्यक्त किया है, जिसने उन्हें हिंदी में ब्लाग लिखने की सुविधा की जानकारी दी है।
उन्होंने लिखा है कि सबसे पहले मैं उस नेक प्राणी को धन्यवाद देना चाहूंगा जिसने मुझे इस सुविधा के बारे में बताया। मुझे ऐसी खुशी हो रही है माने एक नया खिलौना मुझे मिल गया हो। हालांकि थोड़ा समय लगता है लेकिन कम से कम मैं देवनागरी में लिख तो सकता हूं। अमिताभ ने लिखा है कि अंग्रेजी में उनके ब्लाग लिखने के कारण निराश लोगों को अब थोड़ी संतुष्टि मिल जाएगी क्योंकि वह अब हिन्दी में लिखना शुरु कर रहे हैं। उन्होंने लिखा है कि इस बात की खुशी मुझे सबसे ज्यादा है कि बाबूजी के लिखे शब्द सही रुप में प्रस्तुत कर सकूंगा।
अमिताभ की विशेषताओं में उनकी धाराप्रवाह हिंदी भी एक खासियत है। उनके पिता हरिवंश राय बच्चन की कालजयी रचना मधुशाला का उनके स्वर में पाठ सुनने के लिए श्रोता लालायित रहते हैं। हाल ही में अमिताभ ने दीपावली की परंपरा और तेजी से हावी होती विदेशी संस्कृति का जिक्र करते हुए लिखा था कि वह अपना ब्लाग में जिस भाषा अंग्रेजी में लिखते हैं, वह भी विदेशी है।