अभिषेक ने किया केदारनाथ में रूद्राभिषेक

अभिषेक ने किया केदारनाथ में रूद्राभिषेक

देहरादून। सिने अभिनेता अभिषेक बच्चन ने आज अपनी पत्नी ऐश्वर्या राय बच्चन और अपनी मां जया बच्चन के साथ द्वादश ज्योर्तिलिगों में प्रमुख शिवलिंग केदारनाथ में आज रुद्राभिषेक किया। अभिषेक आज अपनी पत्नी, मां तथा समाजवादी पार्टी के महासचिव और पारिवारिक मित्र अमर सिंह और अन्य के साथ तीन हेलीकाप्टरों में सवार होकर रुद्रप्रयाग जिले में करीब 12 हजार फुट की ऊंचाई पर विराजमान केदारनाथ धाम पहुंचे। अमर सिंह के जिला तीर्थ पुरोहित सतीश चंद्र तिवारी और अभिषेक बच्चन के पुरोहित वीरेंद्र कुमार ने बताया कि कुल 11 पंडितों ने मिलकर अभिषेक, एश्वर्या तथा अन्य लोगों दवारा विधिविधान से रुद्राभिषेक कराया। अभिषेक और अन्य के आने की खबर सुनकर प्रशासन ने उनकी सुरक्षा और पूजा पाठ के कार्यक्रमों की पहले से व्यवस्था कर रखी थी। केदारनाथ मंदिर के पास बने हैलीपैड पर प्रशासन ने अभिषेक और अन्य का स्वागत किया तथा उन्हें सीधे मंदिर ले गए। पुरोहित सतीश चंद्र तिवारी ने बताया कि अभिषेक बच्चन और अमर सिंह कुर्ता पाजामा पहने हुए आए थे, जबकि एश्वर्य पारंपरिक साड़ी में थीं। उन्होंने बताया कि सभी लोगों ने करीब 15 मिनट तकभगवान केदारनाथ की पूजा की और रुद्राभिषेक का काम आधे घंटे तक चला। उन्होंने बताया कि भगवान केदारनाथ का रुद्राभिषेक दूध से नहीं कर मन्दाकिनी के जल, शहद, घी, बेलपत्र, चंदन, रोली और अन्य सामाग्री से किया गया। इस दौरान मंदिर के आस पास कडी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। फिल्मी हस्तियों को देखने के लिए केदारनाथ के आसपास रहनेवालों की भारी भीड़ भी उमड़ पड़ी थीं, लेकिन किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हुई। प्रशासनिक अधिकारियों ने पूजा और अभिषेक के दौरान मंदिर तथा आस पास के इलाकों में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की थी। अमरसिंह और अभिषेक के साथ एक चिकित्सक दल भी हेलीकाप्टर से आया था, क्योंकि काफी ऊंचाई पर होने पर ऑक्सीजन की कमी के चलते कभी-कभी सांस लेने में भी दिक्कत उठानी पड़ती है। सतीश चंद्र तिवारी ने बताया कि पूजा पाठ के बाद उन लोगों ने करीब आधे घंटे तक मंदिर समिति के कार्यालय में विश्राम किया। इसके बाद हेलीकाप्टर से वापस लौट गए। इसके पूर्व आज सुबह अभिषेक और अन्य देहरादून के डोईवाला स्थित जौलीग्रांट हवाई अडडे् पर निजी विमान से यहां पहुंचे और तीन हेलीकाप्टरों में सीधे केदारनाथ रवाना हो गए। हवाई अडडे् पर सवाददाताओं या अन्य किसी को भी जाने नहीं दिया गया। डोईवाला थानाप्रभारी महेश चंद्र जोशी ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से हवाई अडडे् और आसपास के इलाकों में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया था। उन्होंने किसी प्रकार की अव्यवस्था या झड़प की खबरों से इंकार किया। दूसरी ओर भारतीय जनता युवा मोर्चा की डोईवाला इकाई के कुछ कार्यकर्ताओं ने सपा नेता अमर सिंह को काले झण्डे दिखाने की कोशिश की लेकिन उन्हें काफी पहले ही रोकदिया गया। ये प्रदर्शनकारी गत दिनों दिल्ली के बटला हाउस मुठभेड़ के बारे में अमर सिंह द्वारा दिए गए बयान का विरोध कर रहे थे।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(4) वोट का औसत

average:4.5
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित