
सिडनी। मशहूर निर्देशक व अभिनेत्री अर्पणा सेन को दूसरे वार्षिक एशिया पेसिफिक स्क्रीन अवार्ड्स (एपीएसए) के अंतर्राष्ट्रीय निर्णायक मंडल में शामिल किया गया है।
एपीएसए के पुरस्कारों की घोषणा आगामी 11 नवम्बर को आस्ट्रेलिया के मशहूर पर्यटक स्थल गोल्ड कोस्ट में की जाएगी। एपीएसए निर्णायक मंडल के अध्यक्ष ब्रुस बेरेसफोर्ड ने कहा,अर्पणा के काम से मैं भली-भांति परिचित हूं और निर्णायक मंडल के सदस्यों में उन्हें साथ पाकर मैं काफी उत्साहित महसूस कर रहा हूं।
वर्ष 1961 में सत्यजीत रे की फिल्म टू डॉटर्स के जरिए अभिनेत्री के रूप में अपने करियर की शुरुआत करने वाली सेन अब तक मृणाल सेन, जेम्स आइवरी, तपन सिन्हा और ऋषिकेश मुखर्जी जैसे महान निर्देशकों के साथ काम कर चुकी हैं। सेन ने 36 चौरंगी लेन और मिस्टर एंड मिसेज अय्यर जैसी फिल्मों का निर्देशन किया है। उन्होंने अपनी नई फिल्म दी जैपेनिज वाइफ का निर्माण भी पूरा कर लिया है।
सिनेमा के क्षेत्र में योगदान के लिए सेन को पद्मश्री से सम्मानित किया जा चुका है। सेन को पहले भी कई फिल्म समारोहों के निर्णायक मंडल में शामिल होने का गौरव प्राप्त हो चुका है।