
नई दिल्ली। मधुर भंडारकर की आगामी फिल्म फैशन में प्रमुख भूमिका निभा रही अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा मानती हैं कि यह निर्देशक की अब तक की सर्वाधिक सकारात्मक फिल्म है।
प्रियंका ने कहा मेरी राय में फैशन मधुर की सर्वाधिक सकारात्मक फिल्म है। चांदनी बार के बाद यह ऐसी पहली फिल्म है जिसमें एकखास विषय के बजाय एक खास चरित्र पर जोर दिया गया है। फैशन उद्योग तो केवल पृष्ठभूमि में है।
मधुर भंडारकर, चांदनी बार, कारपोरेट, पेज 3 और ट्रैफिक सिग्नल जैसी फिल्मों के माध्यम से समाज के बेदर्द और कड़वे सच उघाड़ने के लिए जाने जाते हैं।
फैशन के माध्यम से फिल्म उद्योग की असलियत दिखाने संबंधी अफवाह के बारे में प्रियंका ने कहा ऐसा नहीं है। फिल्म में मेरे चरित्र के सामने जो भी समस्याएं आती हैं उनका कारण पेशा नहीं बल्कि वह रास्ते होते हैं जिनका चयन मेरा चरित्र करता है। उन्होंने माना कि फिल्म में कास्टिंग काउच का एक दृश्य है। प्रियंका ने कहा हां ऐसा एक सीन है जिसमें मेरे चरित्र के समक्ष ऐसी पेशकश की जाती है। लेकिन इसे सकारात्मक तौर पर फिल्माया गया है क्योंकि माडल इस पेशकश को ठुकरा कर अपने दम पर आगे बढ़ने का निर्णय करती है।
सेंसर बोर्ड ने इस फिल्म को ए प्रमाणपत्र दिया है। इस बारे में प्रियंका ने कहा कि इस मुद्दे को बहुत तूल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा बोर्ड को नशीले पदार्थो के सेवन संबंधी दृश्यों को लेकर आपत्ति थी। मधुर के पास उन दृश्यों को काटने या ए प्रमाणपत्र लेने का विकल्प था। उन्होंने ए प्रमाणपत्र लेना पसंद किया। मैं उनके निर्णय के साथ हूं।
प्रियंका ने कहा हम फिल्म में नशीली दवा को महिमामंडित नहीं कर रहे हैं लेकिन हमने एक सकारात्मक संदेश देने की कोशिश की है। मधुर की पहले वाली फिल्मों में नशीली दवाओं के सेवन के दृश्य थे। हाल ही में धूम्रपान पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद सेंसर बोर्ड ने शायद कड़ा रुख अपनाया है।
फिल्म में प्रियंका ने एक छोटे से शहर की लड़की मेघना माथुर की भूमिका निभाई है जो बहुत महत्वाकांक्षी और भावुक है। फिल्म में बताया गया है कि फैशन उद्योग में मेघना शिखर तक कैसे पहुंचती है और कैसे उसका पतन होता है। प्रियंका ने बताया मेरा कैरेक्टर एक मजबूत दिल वाली लड़की का है जिसके पिता चाहते हैं कि वह एक एकाउंटेंट बने। लेकिन वह फैशन जगत की जानी मानी माडल बनना चाहती है। उन्होंने हालांकि कहा कि वह शुरु मे यह फिल्म नहीं करना चाहती थीं इसलिए मुझे मधुर को हां कहने में छह माह लगे। मुझे मेरा कैरेक्टर पसंद आया लेकिन शुरु में मैं आश्वस्त नहीं थी कि इस चरित्र को ठीक से निभा पाऊंगी या नहीं। बहरहाल मधुर ने मुझ पर विश्वास जताया।
इस फिल्म में प्रियंका के साथ अभिषेक बच्चन और जॉन अब्राहम हैं। उन्होंने कहा यह तीन दोस्तों की कहानी है जो कुछ भी करते हैं तो मिलजुल कर करते हैं। यह रोमांटिक कॉमेडी है। इस फिल्म में प्रियंका के लुक की बेहद चर्चा है। वह कहती हैं इसके लिए मुझे कई लोगों से अलग-अलग प्रतिक्रियाएं मिलीं। मुझे अच्छा लगता है।