
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता चंकी पांडे पर्दे पर एक अलग ही अवतार में नजर आने वाले हैं। दरअसल वे एक फिल्म में डॉन का किरदार निभाने जा रहे हैं। निर्देशक पंकज आडवाणी की फिल्म संकट सिटी में चंकी डबल रोल में नजर आएंगे। अभी तक बॉलीवुड में डॉन के डबल रोल में अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान ही पर्दे पर नजर आए हैं।
संकट सिटी में चंकी एक गैंगस्टर का किरदार निभाएंगे। फिल्म में उनका किरदार ठीक वैसा ही है जैसा कि डॉन में अमिताभ बच्चन का था। हालांकि चंकी फिल्म में गंभीर भूमिका में नहीं नजर आएंगे। उनका किरदार कॉमेडी से भरा होगा। फिल्म में जहां चंकी का पहला किरदार उत्तर भारतीय डॉन का होगा, वहीं दूसरे रूप में वे दक्षिण भारतीय डॉन नजर आएंगे। दूसरी ओर, चंकी चाहते हैं कि उन्हें बॉलीवुड में खलनायक की भूमिका मिले। दरअसल वे पर्दे पर एक बार फिर खलनायक की भूमिका को जीवंत करने वाले अभिनेताओं अमजद खान और अमरीश पुरी की तरह किरदार निभाना चाहते हैं।