
मुंबई। मनोरंजन टीवी चैनलों पर दिखाए जाने वाले धारावाहिकों और रियलिटी शो के दीवाने दर्शक इन दिनों परेशान हैं। धारावाहिकों और शो की कहानी आगे बढ़ने का नाम ही नहीं ले रही। दर्शकों को पिछले दो दिनों से पुराने एपीसोड ही देखने को मिल रहे हैं।
यह सब हो रहा है जूनियर आर्टिस्ट व तकनीशियनों की हड़ताल के चलते। मेहनताना बढ़ाने और नियमितीकरण की मांग को लेकर बीते शनिवार से जारी हड़ताल के जल्द खत्म होने के आसार नहीं दिख रहे। इस बीच टीवी निर्माता संगठनों के एक समूह के अध्यक्ष मुकेश भट्ट ने हड़ताल से पल्ला झाड़ने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि टीवी निर्माताओं और कर्मचारियों के बीच जारी विवाद के लिए निर्माता जिम्मेदार नहीं हैं।
इस बीच देश के प्रमुख चैनलों ने दर्शकों को नए एपीसोड दिखाने के लिए अपनी मजबूरी जाहिर की है। हड़ताल के मद्देनजर स्टार प्लस पर पुराने एपीसोड फिर से दिखाए जाने पर चैनल के प्रबंधन ने कहा कि हमारे पास इसके सिवा दूसरा कोई चारा नहीं है। एनडीटीवी के सीईओ समीर नायर ने भी अपनी मजबूरी जताई। भट्ट ने कहा कि समूची प्रणाली की पूरी तरह से मरम्मत की जरूरत है। भट्ट के साथ इस मौके पर गिल्ड, आईएमपीपीए और एएमपीटीपीपी के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि जूनियर कलाकार और तकनीशियन फेडेरेशन लंबे समय से वेतन बढ़ाने, नियमित करने और काम करने के घंटों में कटौती की मांग करती रही हैं। अक्तूबर में भी इन मांगों को लेकर फेडेरेशन ने हड़ताल कर दी थी।