
नई दिल्ली। फिल्म और टेलीविजन उद्योग के कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने का सीधा असर इन दिनों टेलीविजन धारावाहिकों पर देखा जा रहा है। इस हड़ताल ने मनोरंजन चैनलों को परेशान कर दिया है।
फिल्म और टेलीविजन निर्माताओं तथा सिने कर्मियों के संगठन फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लाइज (एफडब्ल्यूआईसीआई) के बीच वेतन संबंधी मसलों पर ठनी हुई है। सिने कर्मचारियों की हड़ताल के कारण मनोरंजन चैनलों को धारावाहिकों का पुर्नप्रसारण करना पड़ रहा है। हड़ताल समाप्त करने के लिए (एफडब्ल्यूआईसीआई) मनोरंजन चैनलों ने बातचीत भी की लेकिन इसका कोई भी सकारात्मक असर नहीं रहा।
हड़ताल का चैनलों पर जहां नकारात्मक असर पड़ रहा है वहीं वैसे दर्शकों को खुशी भी हो रही है जिन्हें धारावाहिकों से अधिक समाचार चैनलों से लगाव रहता है। वहीं धारावाहिकों के निर्माण से जुड़े शंकरमन स्टूडियो के प्रमुख हेमल त्रिवेदी ने बताया कि हड़ताल के कारण उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। मनोरंजन चैनल कलर्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेश कामत ने बताया कि हमारे लिए यह दुर्भाग्यपूर्ण समय है। हमारे दर्शक खासकर बालिका वधू धारावाहिक देखने वाले काफी निराश हैं।