
नई दिल्ली। फिल्म लगान में अपने नृत्य से दर्शकों की प्रशंसा बटोरने वाली अभिनेत्री ग्रेसी सिंह रबींद्रनाथ टैगोर द्वारा रचित प्रसिद्ध नृत्य नाटिका श्याम की प्रस्तुति के माध्यम से फिर से दर्शकों को मोहित करने को तैयार हैं। इस नाटिका का प्रदर्शन कोलकाता में आगामी 16 नवंबर को किया जाएगा। ग्रेसी ने कहा कि यह काफी चुनौतीपूर्ण होने के साथ रोमांचक भी है। श्याम को पारंपरिक भरतनाट्यम की शैली में प्रस्तुत किया जाएगा। नृत्य समूह द प्लेनेट्स से जुड़ी ग्रेसी ने बताया कि मैंने पहले भी भरतनाट्यम शो किया है, लेकिन हमेशा से नृत्य नाटिका में भाग लेने की इच्छा थी। क्योंकि इसमें नृत्य के साथ अभिनय का भी मौका मिलता है। इस बार यह अवसर प्राप्त हुआ है, जिससे मैं काफी खुश हूं। ग्रेसी लोकप्रिय टेलीविजन धारावाहिक अमानत से अभिनय की दुनिया में आईं और वर्ष 1999 में बॉलीवुड में कदम रखा। वे लगान, गंगाजल और मुन्नाभाई एम.बी.बी.एस जैसी हिट फिल्में में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुकी हैं।