
मुंबई। निर्माताओं द्वारा वेतन में 40 प्रतिशत बढ़ोतरी की मांग मान लिए जाने के बाद टेलीविजन कर्मचारी व तकनीशियन बृहस्पतिवार से काम पर लौटने को राजी हो गए हैं। कर्मचारियों ने महीने के प्रारंभ में ही शूटिंग के पूर्ण बहिष्कार की घोषणा की थी।
सूत्रों के मुताबिक, टेलीविजन कार्यक्रमों की शूटिंग बृहस्पतिवार से शुरू हो जाएगी और दर्शक सोमवार से अपने पसंदीदा धारावाहिकों की ताजी कडि़यां देख सकेंगे। फेडरेशन आफ वेस्टर्न इंडिया सिने इंप्लाइज (एफडब्ल्यूआईसीई) के महासचिव दिनेश चतुर्वेदी ने कहा कि टेलीविजन निर्माताओं और एफडब्ल्यूआईसीई के बीच हुए समझौते में दोनों पक्षों के हितों का ध्यान रखा गया है, लेकिन यह समझौता कर्मचारियों के लिए ज्यादा सुकून देने वाला है। क्योंकि उनकी लगभग सभी मांगें मान ली गई हैं। अंततोगत्वा निर्माता भी यह महसूस कर रहे है कि यह समझौता कर्मचारियों के पक्ष में गया है। निर्माताओं की कोर कमेटी के अध्यक्ष मुकेश भट्ट ने कहा है कि प्रसारणकर्ता कंपनियों से बकाए का भुगतान होने के बाद निर्माता कर्मचारियों के बढ़े हुए भत्ते का भुगतान करेंगे।