
मुंबई। दिवंगत नेता प्रमोद महाजन के बेटे राहुल महाजन राजनीति में जाने की बजाए एक्टिंग में अपना करियर संवारने की योजना बना रहे हैं। बुधवार को लोनावाला में राहुल महाजन चर्चित रियलिटी शो बिग बॉस टू से बाहर आने के बाद पत्रकारों से मुखातिब हो रहे थे। उन्होंने राजनीति के क्षेत्र में जाने के बाबत पूछने पर कहा, फिलहाल मैं एंटरटेनमेंट फील्ड में कुछ करना चाहता हूं। शो से बाहर आने के बाद मुझे ढेरों फिल्मों एवं धारावाहिकों के प्रस्ताव मिल रहे हैं। यदि मुझे कोई स्क्रिप्ट पसंद आई तो मैं एक्टिंग करना पसंद करूंगा। राजनीति के बारे में मैं बाद में सोचूंगा। मैं बहुत जल्द अपने होम प्रोडक्शन के नए प्रोजेक्ट के बारे में घोषणा करूंगा।
राहुल ने बिग बॉस द्वारा घर से बाहर निकाले जाने के निर्णय पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि मैंने तेज भूख लगने के कारण शनिवार की रात बिग बॉस के घर की दीवार फांदकर बाहर निकलने का कार्य किया। उस वक्त मुझे वह सही लगा, इसलिए मैंने बिग बॉस से माफी मांगने से इनकार कर दिया। उन्होंने सजा के तौर पर किसी एक घर वाले को बाहर जाने का फैसला सुनाया। मैंने सारी जिम्मेदारी अपने सिर लेते हुए शो से बाहर निकलने का फैसला किया। मैं खुश हूं।
-रघुवेंद्र सिंह