अवार्ड लेने मलेशिया नहीं जाएंगे शाहरूख!

अवार्ड लेने मलेशिया नहीं जाएंगे शाहरूख!

कुआलालंपुर। बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरूख खान ने संकेत दिया है कि वह मलक्का राज्य द्वारा दिया गया प्रतिष्ठित उपाधि लेने के लिए मलेशिया नहीं आ पाएंगे। स्टार अखबार में प्रकाशित एक खबर के अनुसार शाहरूख को दातुक उपाधि लेने के लिए 29 नवंबर को कुआलालंपुर जाना था। बताया जाता है कि राज्य के अधिकारी शाहरूख के आने के लिए दूसरी तारीख की व्यवस्था कर रहे हैं।

शाहरूख को जैसे ही दातुक उपाधि देने का ऐलान किया गया इस फैसले की कड़ी आलोचना शुरू हो गई। कई मलेशियावासियों ने कहा कि यह पुरस्कार स्थानीय कलाकारों को दिया जा सकता था। कुछ ने यह सवाल तक उठाया कि क्या शाहरूख जानते हैं कि मलक्का कहां है। मलक्का के मुख्यमंत्री मोहम्मद अली रूस्तम ने इस मामले पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि मैं समझता हूं कि तारीख आगे बढ़ा दी गई है। अधिक जानकारी के लिए आपको राज्य सचिव से संपर्क करना चाहिए। पिछले माह मलक्का के सुल्तान तुन मोहम्मद खलील याकूब के 70वें जन्मदिन पर शाहरूख खान सहित 77 व्यक्तियों को दारजाह मुलिया सेरी मेलाका (डीएमएसएम) सम्मान देने का ऐलान किया गया था। इसके तहत दातुक उपाधि दिया जाता है।

शाहरूख को यह खिताब देने के फैसले का बचाव करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फैसला पूर्व वित्त मंत्री दाइम जैनुद्दीन का था। अधिकारी इस फैसले का समर्थन करते हुए कहते हैं कि शाहरूख की कई फिल्मों की शूटिंग मलेशिया खासकर मलक्का में हुई है जिससे मलक्का की लोकप्रियता बढ़ी है और राज्य में पर्यटन को भी बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि शाहरूख की एक फिल्म वन टू का फोर की ज्यादातर शूटिंग तो मलक्का में ही हुई है।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(6) वोट का औसत

average:4.833334
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित